Sagar - 12 साल में 5 बार बन चुकी मकरोनिया सिविल लाइन सड़क, हर बार काम पूरा होने से पहले ही नया काम शुरू हो जाता
सागर के सिविल लाइन से मकरोनिया तक सिटी लिंक रोड में अंतिम बार काम 2024 में कराया गया। यह सड़क चौड़ीकरण का काम 3.62 करोड़ से कराया। इसका गारंटी पीरियड पांच साल यानी जुलाई 2029 तक है। इसके पहले ही इस सड़क का काम दोबारा शुरू हो गया है। अब 10.60 करोड़ रुपए से व्हाइट टॉपिंग कराई जा रही है। ऐसा पहली बार नहीं है जब एक काम की गारंटी पूरी होने से पहले ही नया काम इस सड़क पर शुरू किया गया हो। बीते एक दशक में इस सड़क पर ऐसा ही देखने को मिल रहा है।
2017 में विधानसभा में सबसे पहले सिटी लिंक रोड के नाम से इस सड़क के संबंध में प्रश्न पूछा गया था, तब इस सड़क के मजबूतीकरण के लिए 4.56 करोड़ से टेंडर होने की बात कही गई थी। इसके बाद से लगातार काम चल ही रहा है। हर बार एक काम पूरा होने के पहले ही दूसरे काम का सिलसिला शुरू हो जाता है। 2014 से अब तक 12 साल में इस सड़क का निर्माण पांच बार कराया जा चुका है।
सिटी लिंक रोड पर अंतिम बार काम 2024 में हुआ है। इसका बोर्ड भी सड़क पर सिविल लाइन ओर लगा था। इस बोर्ड के मुताबिक कार्य का नाम सिटी लिंक चौड़ीकरण है। कार्य की लागत 362.29 लाख है। ठेकेदार का नाम है। काम शुरू करने की तारीख 2 फरवरी 2024 व अनुबंध के मुताबिक काम पूरा करने की तारीख 30 जुलाई 2024 है। इस बोर्ड के 7वें पॉइंट में परफॉर्मेंस गारंटी की अवधि काम पूरा होने के बाद 5 साल बताई है। बोर्ड के मुताबिक सड़क अभी गारंटी पीरियड में है। गारंटी का समय जुलाई 2029 तक है।
गारंटी पीरियड खत्म होने से पहले दोबारा से सड़क का काम शुरू हुआ है इसको लेकर जब पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से बात की तो वह गोल-गोल जवाब देते हुए नजर आए