Sagar- गयागंज में अवैध मुरम खनन का विवाद, खदान संचालक ने कलेक्टर-SP से लगाई गुहार
सागर की नरयावली विधानसभा के ग्राम गयागंज में मुरम खनन को लेकर विवाद सामने आया है। अवैध उत्खनन के आरोपों के बीच अब खदान संचालक पक्ष ने कलेक्टर और एसपी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। विराट कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर विशाल गुरू का आरोप है कि उनकी वैध लीज वाली खदान के आसपास अवैध मुरम उत्खनन किया जा रहा है और उनके कर्मचारियों को काम करने से रोकने के साथ धमकाया भी जा रहा है। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे खदान संचालक विशाल गुरू ने कलेक्टर और एसपी को आवेदन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि उन्हें मध्य प्रदेश शासन के खनिज विभाग से वर्ष 2024 में ग्राम गयागंज में मुरम खदान की लीज मिली थी।
विशाल गुरू ने गयागंज निवासी मनीष यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि लीज मिलने के बाद से उनके खदान पर काम करने वाले ड्राइवरों और कर्मचारियों को रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की जाती है। साथ ही खदान पर आने से रोकने और जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी आरोप है कि संबंधित व्यक्ति खदान के आसपास अवैध रूप से मुरम निकालकर बाजार में कम कीमत पर बेच रहा है। इससे वैध लीज धारक को आर्थिक नुकसान होने की बात कही गई है। खदान संचालक ने अवैध उत्खनन से जुड़े वीडियो और फोटो उपलब्ध होने का भी दावा किया है।
विशाल गुरू के मुताबिक करीब छह महीने पहले भी उन्होंने केंट थाने में शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस और खनिज विभाग की कार्रवाई में मुरम से भरे ट्रक और ट्रैक्टर पकड़े गए थे। उनका आरोप है कि इसी कार्रवाई के बाद से रंजिश बढ़ी और उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। खदान संचालक ने कलेक्टर और एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध उत्खनन की जांच कर कार्रवाई करने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही आवेदन में कहा गया है कि भविष्य में उनके या कर्मचारियों के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। फिलहाल गयागंज में मुरम खनन को लेकर दोनों पक्षों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। अब प्रशासन और खनिज विभाग की जांच के बाद ही साफ होगा कि वास्तव में अवैध उत्खनन हुआ है या नहीं और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों में कितनी सच्चाई है।