सागर-दमोह रोड पर फिर टकराई कार और बाइक, तीन गंभीर अस्पताल में भर्ती
सागर-दमोह रोड पर सफर करने वाले लोगों के लिए यह सड़क अब किसी खतरे से कम नहीं है। कब, कहां और किस मोड़ पर हादसा हो जाए, यह कहना मुश्किल है। मंजिल तक पहुंचने की उम्मीद लेकर इस सड़क पर निकलने वाले वाहन चालक कई बार हादसे का शिकार हो जाते हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले करीब ढाई साल में इस मार्ग पर लगभग 400 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें करीब 100 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क पर सुरक्षा को लेकर सवाल बने हुए हैं।
इसी बीच गुरुवार को गढ़ाकोटा-दमोह रोड पर TVS एजेंसी के सामने एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। यहां सफेद रंग की क्रेटा कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान वौरे पिता अवध लोधी, निवासी सुनवाह, बकस्वाहा, राहुल पिता प्रभु सिंह लोधी, निवासी उमरा और दिलीप पिता कुंदन सिंह लोधी, निवासी उमरा के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की जरूरत है, ताकि हादसों का सिलसिला थम सके।