Sagar- मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन,पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा, भीड़ को किया तितर-बितर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का सागर जिले में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। सागर के देवरी में कांग्रेस नेताओं ने काली पट्टी बांधकर धरना दिया साथ ही पुतला दहन भी किया गया। इस दौरान प्रसाशन भी मुस्तैद था। लिहाजा प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुतला जलाने से रोकने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
दरअसल निर्वाचन आयोग की विवादास्पद कार्यप्रणाली, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में गड़बड़ी और वोट चोरी के गंभीर आरोप को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जहां देवरी स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के पास काली पट्टी बांधकर मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में धरना दिया गया। इसके बाद उनका पुतला फूंका गया।
देवरी नगर के पुराने कचहरी तिराहे पर स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नजदीक आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाये जाने की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते हुए चुनाव कार्यक्रमों में गड़बड़ी, वोट चोरी और एसआईआर सर्वे में अनियमिताओं को लेकर केन्द्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने के दौरान पुलिस प्रशासन ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। जिस वजह से भीड़ तितर बितर हो गयी। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।