रामघाट पर डूब रहा था श्रद्धालु, फिर मसीहा बनकर पहुंचे होमगार्ड जवान, आखिर बचा ली ज़िंदगी
एक अज्ञात व्यक्ति घाट पर नहाते समय अचानक से डूबने लगा। जिसे बचाने में होमगार्ड के जवानों की मुस्तैदी काम में आई। जवान ने बिना देर किये पानी में छलांग लगाई और उसे बाहर निकालकर उसकी जान बचाई गयी। मामला धार्मिक नगरी उज्जैन जिले से सामने आया है। जहां रामघाट पर नहाते समय एक श्रद्धालु डूब रहा था। जिसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया जा रहा है की प्रसिद्ध रामघाट पर एक बार फिर मां शिप्रा तैराक दल सामाजिक और सांस्कृतिक कल्याण समिति के अलावा होमगार्ड के जवानों की मुस्तैदी काम आई। रामघाट पर अचानक एक अज्ञात व्यक्ति के गहरे पानी में डूबने की खबर मिलते ही घाट पर हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोताखोरों की टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला।
सूचना मिलते ही मां शिप्रा तैराक दल के सदस्य और होमगार्ड के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और उफनती शिप्रा नदी में छलांग लगा दी। जांबाज तैराकों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ का परिचय देते हुए डूब रहे अज्ञात व्यक्ति का त्वरित रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
तैराक दल और सुरक्षा जवानों की तत्काल कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। साथ ही व्यक्ति की जान बच सकी। घटनास्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जवानों की इस तत्परता और साहस की जमकर प्रशंसा की। फिलहाल पुलिस और बचाव दल व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाने में लगे हुए थे।