कोयला खदान को लेकर मचा ब वाल, 19 आदिवासियों पर FIR के विरोध में एसपी कार्यालय का घेराव !
कोयला खदान को लेकर बवाल मचा हुआ है इस मामले में 19 आदिवासियों पर FIR के विरोध में जमकर हंगामा देखने को मिला। जहां एसपी कार्यालय का घेराव किया गया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बजरंग पावर के कर्मचारियों पर केस दर्ज करने की मांग की गयी। दरअसल ये पूरा मामला उमरिया जिले के पाली क्षेत्र के गिठौरी गांव में भूमि और कोयला खनन से जुड़े विवाद का है।
19 आदिवासियों पर दर्ज FIR के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय का घेराव किया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड से जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ भी FIR की मांग की।
बता दें की गिठौरी में कंपनी से जुड़े कोयला खनन प्रोजेक्ट को लेकर ग्रामीणों और कंपनी कर्मचारियों के बीच विवाद सामने आया। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक ग्रामीणों ने कंपनी कर्मचारियों पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अन्य आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। ग्रामीणों की माने तो हाल ही में कंपनी के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच विवाद के दौरान मारपीट हुई थी।
कंपनी पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद ग्रामीण भी अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे और कंपनी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लेकिन आरोप है की उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। जिस पर विरोध प्रदर्शन किया गया।
इसी मामले में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपा।
वहीं गिठौरी की जमीन से जुड़ा विवाद न्यायालय में लंबित होने की बात भी ग्रामीणों की शिकायत में सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विवादित जमीन को लेकर कंपनी से जुड़े लोगों द्वारा दबाव बनाया जा रहा है।
मामले में एसपी ने मामले की जांच कर तीन दिन के अंदर जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की जांच कर रही है।
------उमरिया से राजकुमार गौतम सागर टीवी न्यूज़।------