Sagar - देवरी रेंज ऑफिस के सामने पुलिस ने दबिश देकर दो युवकों से 15-15 ग्राम स्मैक जब्त की, दो फरार
सागर जिले के देवरी में स्मैक के बढ़ते कारोबार के खिलाफ पुलिस बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम स्मैक जब्त की है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21,29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सागर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया है। वहीं दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। मामले में राजस्थान के घटौली निवासी उमेश उर्फ गोविंद तंवर को भी गिरफ्तार किया है। जिसे गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश और एसडीओपी अरुण उइके के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कपिल लक्षकार की टीम ने लगातार तीन दिन की मेहनत के बाद की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रेंज ऑफिस के पास मैदान के सामने आकाश बंसल की गुमटी के पास दबिश देकर दिनेश 36 पिता ओमकार निवासी कौशकिया कॉलोनी देवरी, छोटू उर्फ तिलक 29 पिता विजय यादव निवासी झुनकू वार्ड देवरी को पकड़ा। दोनों के कब्जे से 15-15 ग्राम के दो पैकेट में कुल 30 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई है।
वहीं इस मामले में एसडीओपी अरुण कुमार उइके ने बताया कि देवरी पुलिस टीम ने स्मैक के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दो फरार आरोपियों को भी शीघ्र पकड़ा जाएगा। देवरी क्षेत्र में अन्य ठिकानों पर स्मैक बेचने वालों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक लेने के लिए राजस्थान के झालावाड़ जिले के घाटोली थाना क्षेत्र के दुर्जन्पुरा गए थे। पुलिस के मुताबिक वहां सुरेश पिता बापूलाल तंवर निवासी दुर्जनपुरा और उमेश ने पल्सर ग्राम स्मैक दी थी। आरोपियों ने इसके लिए 30 हजार रुपए दिए थे। देवरी लौटने के बाद दोनों ने स्मैक को 15-15 ग्राम के दो पैकेट में बांटा था। इसमें से 10 ग्राम स्मैक राकेश उर्फ भजिया पिता भगवान सिंह लोधी, निवासी ग्राम छीर को देने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में राकेश समेत राजस्थान से जुड़े अन्य आरोपियों को भी प्रकरण में शामिल किया है। दो आरोपी फिलहाल फरार हैं