सागर- फेसबुकिया नेता कहकर कसा तंज, भाजपा नेता ने खुद कराई गांधी प्रतिमा की सफाई | SAGAR TV NEWS |
सागर के बीना में गांधी प्रतिमा को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच गया। जब भाजपा नेता ने बिना किसी से कुछ कहे हाथ में झाड़ू थाम ली और गांधी चौक पहुंचकर खुद ही प्रतिमा की साफ सफाई कराकर रंग रोगन करा दिया। उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि सोशल मीडिया पर प्रतिमा की गंदगी दिखाने वाले भाजपा नेता को फेसबुकिया नेता कहकर तंज कसा गया था। जिसके बाद उन्होंने कुछ ऐसा काम किया जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
बता दें की सागर के बीना में बीते 1 अक्टूबर को भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष राकेश सेन ने गांधी चौक की धूल से सनी प्रतिमा का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था और गांधी जयंती से पहले सफाई की मांग उठाई थी। इसके बाद नगर पालिका के कार्यक्रम में यह वीडियो चर्चा में आया। विधायक निर्मला सप्रे ने कथित तौर पर उन्हें फेसबुकिया नेता कहा।
जबकि नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट से पहले अधिकारियों को सूचना देने की बात कही। लेकिन राकेश सेन ने न कोई बयान दिया और न सोशल मीडिया पर जवाबी पोस्ट की। बीते दिन वह सीधे गांधी चौक पहुंचे। हाथ में झाड़ू लेकर प्रतिमा की सफाई की और पेंटर बुलाकर रंग-रोगन भी करा दिया। ये मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग अपने-अपने हिसाब से प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।