सागर- भारी वाहन बने मुसीबत का सबब, घरों तक पहुंच रही धूल, नलों से तेल युक्त पानी आने की शिकायत !
सागर जिले के बीना में रिफायनरी में काम करने वाली कंपनियों में लगे भारी वाहन लोगों की परेशानियों का सबब बने हुए हैं। इन वाहनों से न सिर्फ धूल उड़कर घरों तक पहुंच रही है बल्कि आरोप तो ये भी है की नलों में से तेल युक्त पानी आ रहा है। इसी को लेकर चक आगासौद टांडा गांव के लोगों ने आरोप लगाए। साथ ही प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 7 दिन में समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
बताया जा रहा है की चक आगासौद टांडा के ग्रामीण तहसील परिसर पहुंचे थे। जहां एसडीएम के नाम नायब तहसीलदार रतिराम अहिरवार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बीआरसी, जेकेसी, सारथी, आरएसवी और बीपीसीएल समेत अन्य कंपनियों के भारी वाहनों से हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कों पर धूल के गुबार उठते हैं और सीमेंट डस्ट घरों के अंदर तक पहुंच रही है।
इससे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का खतरा भी बताया। वहीं नलों से तेल मिला पानी आने का आरोप लगाते हुए पानी की जांच कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। चेतावनी दी है कि 7 दिन में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण बड़ा जन आंदोलन करेंगे।