आउटसोर्स लाइनमैन को 3 दिन की ट्रेनिंग, बिजली सुरक्षा और ट्रांसफार्मर संचालन का दिया प्रशिक्षण
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बिजावर में बिजली विभाग के आउटसोर्स लाइनमैन कर्मचारियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यपालन अभियंता के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण में कर्मचारियों को वायरमैन के काम, परमिट बुक, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और ट्रांसफार्मर से जुड़े तकनीकी कार्यों की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को फील्ड में सुरक्षित तरीके से काम करने के लिए तैयार करना और बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। बिजावर में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में आउटसोर्स लाइनमैन कर्मचारियों को बिजली के कार्यों से जुड़े जरूरी तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण में सहायक अभियंता संजय कुमार जैन, सहायक अभियंता वीपी सिंह, कनिष्ठ अभियंता रूप सिंह लोधी और संभागीय लेखापाल सुरेंद्र कुमार खरे प्रशिक्षण दे रहे हैं।
राज्य शासन के निर्देशों के तहत आयोजित प्रशिक्षण में कर्मचारियों को तार मिस्त्री यानी वायरमैन से जुड़े कार्यों के साथ परमिट बुक की प्रक्रिया, सुरक्षा उपकरणों का सही इस्तेमाल और ट्रांसफार्मर से संबंधित तकनीकी जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण का जायजा लेने कार्यपालन अभियंता सर्वे शुक्ला भी पहुंचे। उन्होंने ट्रेनिंग ले रहे लाइनमैन कर्मचारियों से प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी ली और उपलब्ध उपकरणों के जरिए प्रैक्टिकल भी कराया। अधिकारियों ने कर्मचारियों से सवाल पूछकर यह जानने का प्रयास किया कि उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान जरूरी तकनीकी जानकारी कितनी समझी है।
बताया गया कि दो कर्मचारियों द्वारा सवालों के सही जवाब नहीं दिए जाने पर कार्यपालन अभियंता ने ट्रेनर्स को प्रशिक्षण को और बेहतर तरीके से समझाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को फील्ड में काम करने से पहले सुरक्षा और तकनीकी प्रक्रिया की पूरी जानकारी होना जरूरी है। अधिकारी के मुताबिक, प्रशिक्षण का उद्देश्य यही है कि आउटसोर्स लाइनमैन जब फील्ड में बिजली से संबंधित काम करने जाएं, तो उन्हें किसी तरह की तकनीकी दिक्कत न हो और सुरक्षा नियमों की जानकारी के साथ काम कर सकें।
खासतौर पर बिजली के कार्य में छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। तीन दिन के इस प्रशिक्षण में तकनीकी जानकारी के साथ सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। विभाग का उद्देश्य है कि लाइनमैन बेहतर प्रशिक्षण के बाद फील्ड में सुरक्षित तरीके से काम करें और बिजली व्यवस्था से जुड़े कार्यों के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।