अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 15 ड्रमों में मिला 3 हजार लीटर लहान | SAGAR TV NEWS |
सागर के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मध्यप्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज है। इसी कड़ी में एमपी के दतिया जिले के भांडेर में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पथरिया ततारपुर के कंजर डेरे पर दबिश देकर पुलिस ने 15 ड्रमों में रखा करीब 3 हजार लीटर लहान मौके पर ही नष्ट कर दिया।
वहीं एक महिला के कब्जे से 15 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, भांडेर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पथरिया ततारपुर स्थित कंजर डेरे पर अवैध रूप से शराब बनाने के लिए बड़ी मात्रा में लहान तैयार किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ महिला और पुरुष मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने डेरे पर रखे ड्रमों की तलाशी ली। जांच के दौरान 15 ड्रमों में करीब 3 हजार लीटर लहान भरा मिला। पुलिस ने इस लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस के मुताबिक इसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रिंकी कंजर, पत्नी जीतू कंजर, उम्र 25 वर्ष, निवासी पथरिया ततारपुर कंजर डेरा को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से 15 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मौके से फरार हुए अन्य महिला और पुरुषों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला के मार्गदर्शन और एसडीओपी भांडेर पूनम चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में की गई।
बंडा में अवैध शराब से हुई मौतों के बाद प्रदेशभर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। दतिया पुलिस का कहना है कि शराब के अवैध निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अब पुलिस की जांच इस बात पर भी है कि मौके से फरार लोगों की पहचान कौन-कौन हैं और अवैध शराब का यह कारोबार कितने समय से चल रहा था।