Sagar- बीच सड़क पर सांडों में हुआ संघर्ष, बच बचकर निकलते रहे लोग, आखिर समाधान क्यों नहीं !
आवारा मवेशी लगातार लोगों की परेशनियों का सबब बने हुए हैं लेकिन फिर भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। जबकि कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। ताजा मामला सागर जिले के खुरई क्षेत्र से भी सामने आया है। जहां अंबेडकर तिराहा पर दो सांड आपस में भिड़ गए। इस दौरान काफी देर तक दोनों में संघर्ष चलता रहा। लोग बच बचकर किसी तरह से निकलते रहे। जबकि शहर के कई प्रमुख तिराहे और चौराहे ऐसे हैं जहां दिन भर मवेशियों का जमावड़ा बना रहता है।
कई दफा आवारा मवेशियों की वजह से सड़क दुर्घटनाएं होती हैं लेकिन व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं लेती। खुरई के अंबेडकर तिराहे से सामने आये इस हैरान करने वाले मामले ने सोचने पर मजबूर कर दिया। नज़र आ रहा है की सड़क के बीच दो सांड आपस में भिड़े हुए हैं आसपास से गुजर रहे लोग और वाहन चालक दूरी बनाकर निकल रहे हैं। लोगों ने पानी डालकर दोनों को अलग करने की कोशिश भी की। लेकिन काफी देर तक सांडों की लड़ाई जारी रही।
खुरई में यह समस्या सिर्फ एक जगह की नहीं है। बल्कि शिवाजी चौक, हाट बाजार, सागर नाका, झंडा चौक, राजीव गांधी चौक, स्टेशन चौराहा, गुरुकुल और बायपास समेत कई जगह आवारा मवेशियों का जमावड़ा रहता है। सड़क पर अचानक मवेशियों के आने और आपस में लड़ने से खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदारों को समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।------