सागर- परिवार को नहीं लगी भनक, घर से लाखों नगदी समेत लाखों के जेवर चुरा ले गए चोर | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले में चोरों के हौसले लगातार बुलंद नज़र आ रहे हैं। फिर एक बार एक मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। जहां परिवार के लोग सोते रहे जबकि चोर पास वाले कमरे का ताला तोड़कर 9 लाख रूपये नगद और लाखों कीमत के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। ये घटना सागर के बीना थाना क्षेत्र के हिरनछिपा गांव से सामने आई है। जब घर वालों को इस बारे में पता चला तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करते हुए साक्ष्य जुटाए गए हैं। फिलहाल अज्ञात चोरों की तलाश शुरू की गयी है।
बताया जा रहा है की हिरनछिपा गांव के मालखेड़ी लिंक रोड स्थित कृष्णा नगर की ये पूरी घटना है। पीड़ित संतोष कुशवाहा से मिली जानकारी के मुताबिक चोर घर से करीब 9 लाख रुपए नकद, 8 तोला सोने का मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की पायल और करीब डेढ़ किलो चांदी ले गए हैं। बताया गया की सुबह सुबह संतोष कुशवाहा को दरवाजा बाहर से बंद मिला। भाई के आने पर दरवाजा खुला तो पास वाले कमरे का ताला टूटा और सामान बिखरा हुआ मिला।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।