MP में 61 चोरी की बाइक बरामद, बाइक चोर गिरोह का खुलासा
पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई 61 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइक की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और खरीदारों की तलाश में जुटी है। मामले में एमपी के खंडवा कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बाद अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
जांच में कई घटनाओं में बाइक चोरी करने का तरीका एक जैसा सामने आया। इसके बाद संदिग्धों की निगरानी शुरू की गई। CCTV और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान विशाल राठौर निवासी खरगोन और बबलू बारेला निवासी सेंधवा, जिला बड़वानी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मुख्य आरोपी विशाल राठौर दोपहिया वाहनों का लॉक करीब तीन मिनट में तोड़ देता था। पुलिस के अनुसार, विशाल ग्रेजुएट है और निजी स्कूल में शिक्षक के तौर पर काम भी कर चुका है। उस पर मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग थानों में 10 अपराध दर्ज बताए गए हैं। वहीं बबलू बारेला के खिलाफ भी दो अपराध दर्ज हैं।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि चोरी के बाद बाइक को तुरंत बेचने के बजाय जंगलों और सुनसान इलाकों में छिपाकर रखा जाता था। पर्याप्त संख्या में बाइक जमा होने के बाद ग्राहकों की तलाश की जाती थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी और महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों से 61 बाइक बरामद की हैं। कई वाहन जंगल और सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखे गए थे। दोनों आरोपियों को खंडवा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कितने समय से सक्रिय था, कितनी बाइक चोरी कर चुका है और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल 61 बाइक की बरामदगी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।