हर्ष फाय रिंग से 15 साल का बालक घायल, घुटने में लगी गोली
एमपी के दतिया जिले के भांडेर अनुभाग से हर्ष फायरिंग का गंभीर मामला सामने आया है। उनाव थाना क्षेत्र के ग्राम कामद में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर कट्टे से फायरिंग की गई, जिसमें 15 वर्षीय बालक गोली लगने से घायल हो गया। गोली बालक के दाहिने घुटने में लगी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 4 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े चार बजे ग्राम कामद में प्रहलाद वंशकार के घर के बाहर की बताई जा रही है। यहां धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान डीजे देखने के लिए लोगों की भीड़ मौजूद थी।
पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, 15 वर्षीय अभिषेक अहिरवार भी कार्यक्रम के दौरान डीजे देख रहा था। इसी दौरान गांव के एक युवक ने कथित तौर पर हाथ में कट्टा लेकर फायर कर दिया। गोली अभिषेक के दाहिने घुटने में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं सूचना मिलने पर उनाव पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर घटना में इस्तेमाल हथियार और फायरिंग की परिस्थितियों को लेकर जांच आगे बढ़ाई है।
वहीं घायल अभिषेक अहिरवार का आरोप है कि वह रास्ते से गुजर रहा था, तभी आरोपियों की ओर से उसकी तरफ गोली चलाई गई और उसके पैर में जानबूझकर गोली मारी गई। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के खुले प्रदर्शन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हर्ष फायरिंग में अक्सर लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है और इस मामले में भी एक नाबालिग बालक घायल हुआ है। फिलहाल उनाव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की, हथियार कहां से आया और घटना किन परिस्थितियों में हुई। जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी। वहीं, घायल अभिषेक के परिवार को उम्मीद है कि पुलिस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।