Sagar -मैरिज गार्डन के पास टाल में लगी भीषण आग, 7 दमकल और पांच टैंकर पानी से बुझाई
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में मैरिज गार्डन के पास एक लकड़ी टाल में मंगलवार रात 9.30 बजे भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें देख अफरा-तफरी मच गई। लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। सूचना पर नगर निगम से दमकल रवाना की गईं। डेढ़ घंटे की मशक्कत, 7 दमकल और 5 टैंकर पानी से डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार टाल में रखी लकड़ी और फर्नीचर जल गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
मोतीनगर पुलिस के अनुसार सरस्वती और आदर्श गार्डन से कुछ दूर लकड़ी टाल से मंगलवार रात में धुआं और आग की लपटें देख लोगों ने नगर निगम और पुलिस को सूचना दी। मैरिज गार्डन और रिहायशी इलाके में आग बढ़ते देख मकरोनिया और सेना की भी दमकल बुलाई गई। मौके पर पहुंचे दमकल शाखा के पूर्व प्रभारी सईद कुरैशी ने बताया कि 7 दमकल के अलावा टैंकर से पानी लाकर आग बुझाई गई है। आग से टाल में रखी लकड़ी और फर्नीचर जल गया है। मोतीनगर पुलिस के अनुसार टाल किसी रवि कोरी का बताया जा रहा है।
जहां आग लगी इसके आसपास ही 8-10 लकड़ी टाल व फर्नीचर के कारखाने हैं। दो मैरिज गार्डन भी नजदीक हैं। पिछले साल भी यहां एक और टाल में आग लगी थी। किसी भी लकड़ी टाल में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। भगवानगंज, तुलसीनगर, सुभाषनगर, मोतीनगर, तिलकगंज आदि क्षेत्रों में इसी तरह नियम विरुद्ध लकड़ी टाल चल रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र सिदगुवां में फर्नीचर क्लस्टर पर काम चल रहा है लेकिन लकड़ी टाल वाले जाने को तैयार नहीं हैं। यह पूरा प्रोजेक्ट अटककर रह गया है। पूरा खेल जमीनों का चल रहा है। शहर के बीच लकड़ी टाल और फर्नीचर कारखाने संचालित कर लोगों की जान आफत में डाली जा रही है।