सागर- गौरझामर में 400 छात्राओं की आंखों की जांच, 23 को मिले मुफ्त चश्मे
सागर जिले के देवरी विधानसभा के गौरझामर में छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर एक खास पहल देखने को मिली। राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या हायर सेकंडरी विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के साथ नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 400 छात्राओं की आंखों की जांच की गई, जबकि जरूरतमंद छात्राओं को निशुल्क आई ड्रॉप और चश्मे भी उपलब्ध कराए गए। गौरझामर के शासकीय कन्या हायर सेकंडरी विद्यालय में आयोजित इस शिविर की शुरुआत सुबह करीब 9 बजे हुई, जो दोपहर 2 बजे तक चला। सद्गुरु ट्रस्ट चित्रकूट के सहयोग से आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।
शिविर के दौरान करीब 400 छात्राओं की नेत्र जांच की गई। जांच में जिन छात्राओं को आवश्यकता महसूस हुई, उन्हें निशुल्क आई ड्रॉप उपलब्ध कराई गई। वहीं 23 छात्राओं को निशुल्क चश्मे भी दिए गए। इसके अलावा विद्यालय के 7 शिक्षकों की भी आंखों की जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आंखों की देखभाल, समय-समय पर नेत्र जांच कराने और दृष्टि संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने के बारे में जागरूक किया गया। वहीं राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस के अवसर पर विद्यालय में छात्राओं को कृमिनाशक दवा भी वितरित की गई। आंगनवाड़ी आशा सुपरवाइजर जानकी पटेल और आशा कार्यकर्ता नीतू पटेल ने छात्राओं को दवा वितरित की और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।
स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े इस आयोजन में जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 12 श्रीमती जनकरानी गौंड के प्रतिनिधि मोती गौंड और नगर विकास युवक मंडल गौरझामर के अखलेश जैन की सक्रिय भूमिका रही। स्थानीय स्तर पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया गया। वहीं बुधवार को गौरझामर के शासकीय बालक हायर सेकंडरी विद्यालय में भी नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। ऐसे शिविरों के जरिए विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समय पर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान करने में मदद मिल रही है।