MP | उज्जैन-इंदौर जा रही बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
एमपी के उज्जैन से इंदौर जा रही एक यात्री बस में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। घटना उज्जैन से करीब 15 किलोमीटर दूर रामवास क्षेत्र की है। बस में करीब 12 यात्री सवार थे। अचानक बस से धुआं उठने लगा, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
यात्रियों ने किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजकर 15 मिनट पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रामवास क्षेत्र में बस का टायर फट गया था। इसके बाद बस अनियंत्रित हुई और इसी दौरान उसमें आग लग गई। बस में धुआं उठता देखकर यात्रियों ने तुरंत बाहर निकलना शुरू कर दिया।
यात्रियों के बस से बाहर निकलते ही आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। बताया जा रहा है कि करीब 45 मिनट बाद चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। फायर कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और उसका सिर्फ चेचिस बचा। अब इस घटना के बाद जली हुई बस की पहचान को लेकर भी सवाल खड़ा हो गया है। बस पर ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। बस पुरानी डीजल इंजन वाली बताई जा रही है।
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह के मुताबिक यह किसी प्राइवेट ऑपरेटर की बस थी। वहीं, उज्जैन RTO संतोष मालवीय का कहना है कि जलने वाली बस सूत्र सेवा की गाड़ी थी। RTO के मुताबिक, यह बस हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम के लिए भोपाल भी गई थी। फिलहाल संबंधित विभाग से बस की पहचान और संचालन को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर को भोपाल में किया गया था।
उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के लिए 10 बसें मिलने की जानकारी दी गई थी। फिलहाल बस में आग लगने की वास्तविक वजह और बस की सेवा को लेकर स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी। राहत की बात यह है कि सभी यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना ने नई परिवहन सेवा में सुरक्षा और बसों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।