सागर यूनिवर्सिटी में शिक्षक से अभद्रता पर भड़ के छात्र, सड़क पर लगाया जाम | SAGAR TV NEWS |
सागर के डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के वैली कैंपस के बाहर शिक्षक से कथित अभद्रता के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर गेस्ट फैकल्टी शिक्षक डॉ. दीपक गुप्ता से अभद्रता करने का आरोप है। घटना की जानकारी जैसे ही छात्रों को मिली, बड़ी संख्या में छात्र कैंपस के बाहर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ठेकेदार पर कार्रवाई और शिक्षक से माफी मांगने की मांग की। मामला सागर के डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के वैली कैंपस का है। यहां निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि निर्माण सामग्री सड़क के बीच में ही डालकर रखी गई है, जिसके कारण कैंपस में आने-जाने वाले छात्र और शिक्षक परेशान हैं।
बताया जा रहा है कि रास्ते में पड़े कच्चे मटेरियल के कारण आए दिन लोगों के गिरने और चोटिल होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी समस्या को लेकर गेस्ट फैकल्टी शिक्षक डॉ. दीपक गुप्ता ने कथित तौर पर निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से सड़क से सामग्री हटाने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान मजदूरों ने शिक्षक के साथ अभद्रता की और मौके से चले गए।
घटना की जानकारी छात्रों तक पहुंची तो उनका आक्रोश बढ़ गया। छात्रों ने निर्माण सामग्री को सड़क पर फैलाकर रास्ता बंद कर दिया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि निर्माण कार्य से किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन रास्ते में निर्माण सामग्री डालकर छोड़ देना और सुरक्षा व्यवस्था नहीं करना गंभीर समस्या है।
छात्रों की मांग थी कि शिक्षक के साथ हुई कथित अभद्रता के लिए संबंधित ठेकेदार और मजदूरों पर उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क पर पड़ा कच्चा मटेरियल तत्काल हटाया जाए, ताकि छात्रों और शिक्षकों को आवाजाही में परेशानी न हो और किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। छात्रों के विरोध की सूचना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की और मामले में ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और सड़क पर यातायात बहाल हो गया। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों का विरोध खत्म हो गया है। अब देखना होगा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं और शिक्षक से कथित अभद्रता के मामले में ठेकेदार पर क्या कार्रवाई होती है।