टाइगर रिजर्व में गड़ा धन खोजने पहुंचे 12 संदिग्ध, मेटल डिटेक्टर के साथ 4 गिरफ्तार
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले से टाइगर रिजर्व के घने जंगल में गड़ा धन तलाशने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पन्ना टाइगर रिजर्व के चंद्रनगर रेंज क्षेत्र में करीब 12 लोग मेटल डिटेक्टर और दूसरे उपकरण लेकर जंगल पहुंचे। सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व की टीम ने घेराबंदी की और मौके से 4 संदिग्धों को पकड़ लिया। टीम ने इनके पास से मेटल डिटेक्टर मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। अब जांच इस बात की हो रही है कि आखिर इतनी संख्या में लोग जंगल के अंदर किस मकसद से पहुंचे थे और क्या ऐतिहासिक खंडहरों में खुदाई की तैयारी थी। मामला पन्ना टाइगर रिजर्व के छतरपुर जिले में आने वाले चंद्रनगर रेंज क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि मनियागढ़ की पहाड़ी के महादेव घाट के पास टाइगर रिजर्व के घने जंगल में करीब 12 संदिग्ध लोगों के पहुंचने की सूचना वन विभाग की टीम को मिली थी।
सूचना के बाद टाइगर रिजर्व की टीम ने जंगल में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को पकड़ लिया गया। मौके से मेटल डिटेक्टर मशीन और दूसरे उपकरण बरामद किए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संदिग्धों के जंगल में गड़े हुए धन की तलाश करने के लिए पहुंचने की आशंका है। बताया जा रहा है कि मनियागढ़ की पहाड़ी का ऐतिहासिक महत्व है। यहां पुराने किले और खंडहरों के अवशेष मौजूद हैं। इसी वजह से अब यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या संदिग्ध इन ऐतिहासिक अवशेषों के आसपास जमीन के नीचे दबे किसी कथित खजाने की तलाश में पहुंचे थे। हालांकि, उनका वास्तविक मकसद क्या था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
वन विभाग अब गिरफ्तार किए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जंगल में पहुंचने वाले बाकी लोग कौन थे और वे किसके कहने पर यहां आए थे। साथ ही बरामद उपकरणों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है। टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बिना अनुमति इस तरह प्रवेश और किसी तरह की खुदाई या गतिविधि वन्यजीवों के साथ-साथ ऐतिहासिक धरोहरों के लिए भी गंभीर मामला हो सकता है। फिलहाल वन विभाग की कार्रवाई और जांच जारी है। घने जंगल में मेटल डिटेक्टर लेकर पहुंचे 12 लोगों और चार गिरफ्तारियों के बाद मामला चर्चा में है। आखिर जंगल में कौन सा कथित खजाना तलाशा जा रहा था और क्या इसके पीछे कोई बड़ी योजना थी? इन सवालों के जवाब अब टाइगर रिजर्व की जांच के बाद सामने आएंगे।