Sagar-सुरखी में सूने मकान के ताले तोड़कर चोरी, 3 लाख नकद और लाखों के जेवर ले गए चोर | SAGAR TV NEWS
सागर जिले के सुरखी में एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जिसमे चोर घर के गेट, कमरों और अलमारी के ताले तोड़कर करीब 3 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना 4 अक्टूबर की रात से 5 अक्टूबर के बीच की बताई जा रही है। यह मामला सुरखी के ही लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रेम बाई ठाकुर 4 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर गाडरवारा, नरसिंहपुर के थरेरी घाट आश्रम में गुरुजी से मिलने गई थीं। घर की देखरेख के लिए उन्होंने अपने भाई मेघराज और भाभी अंजना को जानकारी दी थी। 5 अक्टूबर को मेघराज ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद प्रेम बाई परिवार के साथ सुरखी लौटीं।
घर पहुंचने पर गेट, कमरों और अलमारी के ताले टूटे मिले। पलंग पेटी, सूटकेस और घर का सामान बिखरा पड़ा था। शिकायत के मुताबिक, चोर 8 सोने की अंगूठियां, 3 पांचाली, 2 सोने की चेन, कान के टॉप्स, झुमकी, बच्चों के आभूषण, कड़े, लॉकेट और सोने की माला समेत अन्य जेवर ले गए।
इसके अलावा चांदी की पायल, करधनी, बिछिया और अन्य चांदी के आभूषण भी चोरी हुए हैं। चोर भगवान की चांदी की कटोरी, पंचपात्री और आचवानी के साथ करीब 3 लाख रुपए नकद भी ले गए।
सूचना मिलने पर सुरखी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।