Sagar- बुलडोजर लेकर पहुंची वन विभाग की टीम, करीब 50 एकड़ वन भूमि से हटाया अतिक्रमण | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के मालथौन क्षेत्र में वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। वन विभाग की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और बीट अमरी नंबर-2 के अंतर्गत आने वाली करीब 15 से 20 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह क्षेत्रफल लगभग 50 एकड़ के आसपास बताया जा रहा है।
कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी मालथौन के निर्देशन में की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया और जमीन को वन विभाग के कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्र सहायक मालथौन गिर्राज शर्मा सहित वन विभाग का अन्य अमला मौजूद रहा।
बताया गया कि वन भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके बाद विभाग ने मौके की स्थिति का जायजा लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर की मदद से वन भूमि पर किए गए कब्जों को हटाया गया।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि की सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा। वन क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मालथौन क्षेत्र में वन विभाग द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के चलते वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान तेज होता नजर आ रहा है।