MP के अभिषेक सिंह चौहान को राष्ट्रीय सम्मान, मानद डॉक्टरेट से हुए सम्मानित
एमपी के लिए गौरव की खबर सामने आई है। संगीत के क्षेत्र में रचनात्मक योगदान और उपलब्धियों के लिए नागदा के अभिषेक सिंह चौहान को नई दिल्ली में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस समारोह में यूनिवर्सल मानद पुरस्कार परिषद की ओर से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। बॉलीवुड अभिनेता मनोज बक्शी ने अभिषेक सिंह चौहान को सम्मानित किया। सम्मान मिलने के बाद अभिषेक ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण और भावनात्मक क्षण बताया।
नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में एमपी के उज्जैन जिले के नागदा के अभिषेक सिंह चौहान को संगीत के क्षेत्र में उनके रचनात्मक योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। समारोह में बॉलीवुड अभिनेता मनोज बक्शी ने उन्हें सम्मानित किया। मनोज बक्शी गदर-2 और बजरंगी भाईजान जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं।
अभिषेक सिंह चौहान लंबे समय से संगीत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह मिड टाउन म्यूजिक के माध्यम से अपने संगीत और रचनात्मक कार्यों को प्रस्तुत करते रहे हैं। उन्होंने भक्ति संगीत सहित अलग-अलग संगीत विधाओं में काम किया है। इसके अलावा स्वतंत्र संगीत निर्माण के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई है।
संगीत के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए इससे पहले उन्हें भारत गौरव सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है। अब मानद डॉक्टरेट की उपाधि मिलने के बाद उनके समर्थकों और परिचितों में खुशी का माहौल है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अभिषेक सिंह चौहान ने यूनिवर्सल मानद पुरस्कार परिषद के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें संगीत और रचनात्मक क्षेत्र में और अधिक मेहनत करने, नए प्रयोग करने और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगा।
सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने मीडिया से अपनी संगीत यात्रा, अब तक किए गए रचनात्मक कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर भी चर्चा की। अभिषेक ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने उनकी संगीत यात्रा में सहयोग और प्रोत्साहन दिया।
नागदा से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के मंच पर सम्मानित होना अभिषेक सिंह चौहान के लिए निश्चित तौर पर एक खास उपलब्धि है। संगीत के क्षेत्र में उनकी आगे की रचनात्मक यात्रा कैसी रहती है, यह देखना भी दिलचस्प होगा।