मोबाइल दुकान से चुराए थे 10 लाख के 42 मोबाइल, एक चोर गिरफ्तार 30 मोबाइल बरामद, बाकि की तलाश जारी
बीते करीब डेढ़ महीने पहले एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। चोर मौके से 42 मोबाइल फोन ले उड़े थे जिनकी कीमत दस लाख रूपये थी। अब इस मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। एक चोर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 30 मोबाइल भी बरामद किये हैं। दतिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में ये घटना हुई थी। जिसका एसपी मयूर खंडेलवाल ने खुलासा किया। हालांकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 12 और 13 अगस्त की दरम्यानी रात मोबाइल दुकान से कुल 42 मोबाइल फोन चोरी किए गए थे। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई थी। एसपी मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के आधार पर आरोपी संजू पाल, उम्र 31 साल निवासी निचरौली गांव को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर 2 अक्टूबर को निचरौली स्थित उसके घर से 30 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच के दौरान मामले में धारा 317(2) और 317(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस अब फरार आरोपी दयाराम पाल और जयशिव पाल समेत अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी के बाकी 12 मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं।--