सागर- वन विभाग की कार्रवाई से वन माफियाओं में हड़कंप, सागौन तस्करी पर शिकंजा | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले की डोरी विधानसभा के केसली वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध सागौन परिवहन और वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। लगातार गश्त और धरपकड़ अभियान के चलते वन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है। बीती रात चीलगढ़ डूंगरिया से केसली मार्ग पर वन अमले ने दो लोगों को अलग-अलग मोटरसाइकिलों से सागौन की लकड़ी का कथित अवैध परिवहन करते पकड़ा। दोनों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लकड़ी और वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
वन विभाग के मुताबिक, रेंजर अभय दुबे के नेतृत्व में टीम लगातार दिन-रात गश्त कर रही है। इसी दौरान रात करीब ढाई बजे सहजपुरी निवासी भूपेंद्र लोधी और देवराज लोधी को दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से सागौन ले जाते पकड़ा गया। वन अमले ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सागौन और मोटरसाइकिलों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
एक अन्य कार्रवाई में अवैध रूप से संग्रहित दो नग सागौन की लकड़ी भी जब्त की गई। इस मामले में वीरेंद्र विश्वकर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वन विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान अब तक तीन पिकअप वाहन, तीन मोटरसाइकिल और तीन बैलगाड़ियां सागौन के कथित अवैध परिवहन में पकड़ी जा चुकी हैं। सिर्फ अवैध लकड़ी परिवहन ही नहीं, बल्कि वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। विभाग के अनुसार करीब 70 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। इस दौरान एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया।
वहीं, वन विभाग के अंतर्गत संचालित फर्नीचर मार्ट्स की जांच में भी कार्रवाई की गई। विभाग के मुताबिक सागौन काष्ठ के कथित अवैध संग्रहण के मामले में चार लाइसेंसी दुकानों को सीज किया गया, जबकि एक अन्य दुकान को अवैध पाए जाने पर बंद कराया गया। वन विभाग का दावा है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अब तक अलग-अलग मामलों में करीब तीन दर्जन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
लगातार हो रही कार्रवाई से वन माफियाओं में हड़कंप है और वन अमला जंगलों की सुरक्षा को लेकर लगातार गश्त कर रहा है। केसली वन क्षेत्र में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि वन विभाग ने अवैध कटाई, सागौन परिवहन और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। अब आने वाले दिनों में यह कार्रवाई कितनी प्रभावी रहती है, यह देखने वाली बात होगी।