भाजपा नेत्री के पति को पुलिस ने दबोचा फिर जुलूस निकालकर भेजा जेल, विधायक और पुलिस लगे आरोप !
जानलेवा हमले में फरार चल रहे आरोपी भाजपा नेत्री के पति को आखिरकार पुलिस ने दूसरे जिले से दबोच लिया। पुलिस ने सड़क से जुलूस निकालते हुए न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेजा गया। वहीं इस मामले में भाजपा नेत्री ने अपनी ही पार्टी के विधायक और पुलिस पर षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला पन्ना जिले का है।
बता दें की देवेंद्रनगर में एक कपड़ा दुकान में हुए जानलेवा हमले के मामले में पिछले एक महीने से फरार चल रहे आरोपी अमित जैन को पुलिस ने रायसेन टोल नाके से गिरफ्तार किया। आरोपी भाजपा नेत्री अमिता बागरी के पति हैं जिस पर पहले से 15 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवाकर आम जनता में कानून का खौफ कायम करने के उद्देश्य से शहर में पैदल जुलूस निकाला।
वहीं कार्रवाई के बाद भाजपा नेत्री अमिता बागरी ने एक वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन और अपनी ही पार्टी के स्थानीय गुन्नौर विधायक राजेश वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि यह एक पारिवारिक और संपत्ति का विवाद था। जिसे राजनीतिक रंजिश के तहत षड्यंत्र रचकर धारा 307 के तहत जानलेवा हमले में तब्दील किया गया। उन्होंने पुलिस पर अपने परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया। साथ ही इस पर अफ़सोस जताया की संकट की इस घड़ी में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने उनका फोन नहीं उठाया।
मामले में देवेंद्रनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया। पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई वैधानिक प्रक्रियाओं और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष रूप से की गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।