CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, 1.5 हजार नई भर्तियां और प्रमोशन पर दिए निर्देश | SAGAR TV NEWS |
एमपी के भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों की पदोन्नति और नई भर्तियों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से लंबित पदोन्नति के मामलों को अब आगे बढ़ाया जाएगा। चालू वर्ष में भी डीपीसी यानी डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
साथ ही प्रमोशन से खाली होने वाले पदों को भी भरा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोई भी मामला लंबे समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब साढ़े आठ करोड़ नागरिकों को परिवार मानकर सरकार के सभी विभाग जनकल्याण के काम में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य के दौर से बाहर निकल चुका है और लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कर्मचारियों की पदोन्नति को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कई कर्मचारियों की पदोन्नति करीब दस साल पहले हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चालू वर्ष में भी डीपीसी पूरी की जाए और पात्र कर्मचारियों को प्रमोशन का अधिकार मिले।
प्रमोशन के बाद खाली होने वाले पदों को भी नई भर्ती के जरिए भरा जाएगा। मुख्यमंत्री ने अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों पर भी बात रखी। उन्होंने बताया कि करीब 300 अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में अनुकंपा नियुक्ति के मामले लंबित नहीं रहने चाहिए।
नई भर्तियों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग में इसी साल करीब 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, आगामी वर्ष में करीब एक लाख पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर लगातार काम किया जा रहा है और 85 हजार से ज्यादा स्थायी पदों पर भर्ती की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रानी दुर्गावती की वीरता का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्होंने देश और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। साथ ही युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और अवसरों से जुड़े बड़े आयोजन की बात कही। अब सरकार के इन ऐलानों पर अमल किस गति से होता है, यह आने वाले समय में साफ होगा।