सागर में अनियंत्रित होकर नाली में घुसा गेहूं से भरा ट्रक, शराब के नशे में था ड्राइवर | SAGAR TV NEWS
सागर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पथरिया जाट में यूनिवर्सिटी की घाटी के पास गेहूं की बोरियों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा घुसा। ट्रक की स्थिति ऐसी हो गई कि वह पलटते-पलटते बच गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
घटना बीती रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ट्रक चालक रात में नो-एंट्री शुरू होने से पहले शहर की ओर ट्रक लेकर जा रहा था। इसी दौरान यूनिवर्सिटी की घाटी के पास ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे नाली में उतर गया। ट्रक गेहूं की बोरियों से भरा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि ट्रक चलाने से पहले चालक ने शराब पी थी और इसी दौरान उसका कंडक्टर से विवाद भी हुआ था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस अब फरार चालक की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, ट्रक को नाली से बाहर निकालने के लिए भी प्रयास किए गए।