Sagar- डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने किया हंगामा, 999 बच्चियों को आई सप्लीमेंट्री | SAGAR TV NEWS |
सागर के गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्राओं के सप्लीमेंट्री और फेल होने के बाद सोमवार को छात्राओं ने कॉलेज के बाहर हंगामा कर दिया। वे धरने पर बैठ गईं। छात्राओं का आरोप है कि इतनी बड़ी संख्या में एक साथ सप्लीमेंट्री आने से परीक्षा परिणाम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, बीए प्रथम वर्ष में करीब 1316 छात्राएं थीं। इनमें से करीब 999 छात्राओं को सप्लीमेंट्री आई है, जबकि 158 छात्राएं फेल हुई हैं। इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने की जानकारी मिलते ही नाराजगी फैल गई। छात्राएं कॉलेज के बाहर एकत्रित हुईं और धरने पर बैठकर मामले की जांच कराने की मांग की। इसी दौरान प्राचार्य गेट पर आए तो छात्राओं और उनके साथ आए अभिभावकों ने उन्हें घेर लिया। बहस की स्थिति बनने के बाद प्राचार्य को कैबिन में भेज दिया गया।
छात्राओं ने कहा कि उन्होंने तैयारी के साथ परीक्षा दी थी, लेकिन परिणाम में बड़ी संख्या में छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने से वे परेशान हैं। छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन से परिणाम की दोबारा जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि मूल्यांकन में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो उसे दूर किया जाए। उन्होंने कापियों का पुनर्मूल्यांकन कराने और इसके लिए फीस नहीं लेने की भी मांग की। छात्राएं मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और ज्ञापन सौंपा।
कॉलेज के प्राचार्य आनंद तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। टीम छात्राओं के परीक्षा परिणाम और संबंधित रिकॉर्ड की जांच करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने के पीछे क्या कारण रहा।