Sagar-बच्चे मोबाइल में खेल रहे थे गेम, अचानक क्लिक हुई अनजान लिंक और खाते से उड़ गए 10 लाख
सागर शहर की मनोरमा कॉलोनी निवासी महिला के इंडसइंड बैंक के संयुक्त खाते से 9.84 लाख रुपये की राशि ऑनलाइन धोखाधड़ी के जरिए निकल गई। घटना उस समय हुई, जब महिला और उसके पति मंदिर गए थे और उनके बच्चे घर पर मोबाइल में गेम खेल रहे थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनोरमा कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय विनीता जैन ने पति अमितोष जैन के साथ गोपालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका इंडसइंड बैंक सिविल लाइन शाखा में संयुक्त खाता है। 17 सितंबर को सुबह करीब 11:30 बजे वह पति के साथ मनोरमा जैन मंदिर गई थीं। दोनों अपना मोबाइल घर पर छोड़ गए थे। करीब 12:30 बजे वापस लौटे तो उनके बेटे और बेटी मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। मोबाइल वापस लेकर जब विनीता ने मैसेज देखे तो खाते से रकम निकलने के छह संदेश मिले। इनमें चार बार दो-दो लाख रुपये और दो बार 92-92 हजार रुपये निकाले गए थे।
इस तरह कुल 9 लाख 84 हजार रुपये खाते से कट गए। पति के मोबाइल पर भी राशि निकाले जाने के संदेश आए थे। इसके बाद दंपती ने तत्काल इंडसइंड बैंक की सिविल लाइन शाखा पहुंचकर खाता बंद कराया। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार मोबाइल पर गेम खेलते समय अनजान लिंक पर क्लिक करना जोखिम भरा हो सकता है।
किसी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचना जरूरी है। बैंक खाते से संबंधित ओटीपी, पासवर्ड, कार्ड विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। बच्चों को मोबाइल देते समय भी उन्हें अनजान लिंक, पापअप और संदिग्ध वेबसाइट से दूर रहने के लिए समझाना चाहिए। यदि खाते से अनधिकृत रूप से रकम निकल जाए तो तत्काल बैंक को सूचना देकर खाता या संबंधित सुविधा बंद कराएं