हाईवे पर वाहन की टक्कर से युवक का पैर फ्रैक्चर, एम्बुलेंस नहीं आई तो खाट पर ले गए युवक
हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत हो गयी। जिसमें एक युवक गंभीर घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। लेकिन आरोप है की फोन करने के बाद भी काफी देर तक उसे एम्बुलेंस नहीं मिल सकी। जिसके बाद कुछ युवकों ने उसे खटिया पर लादकर अस्पताल पहुंचाया। लापरवाही भरा ये मामला मुरैना जिले से सामने आया है।
बताया गया की दो बाइकों की भिड़ंत में एक 18 साल का युवक घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को कई बार फोन किया। लेकिन काफी देर तक मदद नहीं पहुंची। आखिरकार कुछ नाबालिगों ने पास के घर से खटिया उठाई और घायल युवक को उस पर रखकर करीब एक किलोमीटर दूर थाने पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने डायल-112 की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
ये पूरी घटना सरायछौला थाना क्षेत्र की है। सरायछौला गांव निवासी छोटू खान देवपुरी मंदिर के पास एक दुकान पर काम करता है। रविवार रात दुकान मालिक अपनी बाइक भानपुर गांव स्थित अपने घर पर छोड़ आया था। बाइक वापस लाने उसने छोटू को भेजा था। वह अल्लाबेली चौकी के पास पहुंचा ही था, तभी एक वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में छोटू सड़क पर गिर गया, उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी मदद करते उहे एम्बुलेंस को फोन किया। लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। जिसके बाद कुछ युवक उसे खटिया पर लिटाकर थाने पहुंचे। फिर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। तब कहीं इलाज शुरू हो सका।
फ़िलहाल पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी है। मामले की जांच की जा रही है।