ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को भाया बांधवगढ़, उठाया सफारी का लुत्फ़, माहौल से हुए गदगद
अपने प्रदर्शन से परचम लहराने वाले ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा मध्य प्रदेश पहुंचे थे। उनके साथ ओलंपियन गगन नारंग भी मौजूद थे। दोनों ने जंगल पहुंचकर शानदार सफारी का लुत्फ़ उठाया। उन्हें यहां का माहौल बेहद पसंद आया। दोनों ने कहा की यहां का जंगल काफी सुंदर है साथ ही कहा की ये हमारी धरोहर है। दरअसल नीरज चोपड़ा और गगन नारंग उमरिया जिले के बांधवगढ़ पहुंचे थे।
दोनों खिलाड़ियों ने तला गेट से जंगल सफारी की और करीब चार घंटे तक बांधवगढ़ के जंगलों में भ्रमण किया। दोनों के आगमन को लेकर टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने पहले से ही सफारी की आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली थीं। इस दौरान रेंज ऑफिसर और सहायक संचालक भी उनके साथ मौजूद रहे।
जंगल सफारी के दौरान नीरज चोपड़ा और गगन नारंग ने बांधवगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य, वन्य वातावरण और जंगल की शांति को करीब से महसूस किया। सफारी के बाद नीरज चोपड़ा ने बांधवगढ़ के जंगल की खूबसूरती की सराहना करते हुए इसे बेहद सुंदर बताया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हर युवा को अपने जीवन में एक सपोर्ट जरूर रखना चाहिए। जो उसे आगे बढ़ने और सफलता हासिल करने में मदद करता है।
वहीं गगन नारंग ने भी बांधवगढ़ के जंगल को बेहद सुंदर और शांत बताते हुए कहा कि यह हमारी प्राकृतिक धरोहर है। इसे बचाकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। दोनों खिलाड़ियों ने बांधवगढ़ के प्राकृतिक वातावरण और जंगल की खूबसूरती की जमकर सराहना की।