वन कर्मियों को डरा धमकाकर दबंग वन चौकी से ले गए जब्त सामग्री, कभी पत्रकार कभी वकील बताते हुए दी धमकी !
वन कर्मियों को डरा धमकाकर दिनदहाड़े दबंगों द्वारा जब्त की गई कृषि सामग्री को लूटकर ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मौके पर पहुंचने वाले लोग कभी खुद को पत्रकार बताते कभी वकील बताते रहे। वह वन चौकी से जब्त कृषि सामग्री उठाकर ले गए। मामला मुरैना जिले के पहाड़गढ़ की कन्हार वनचौकी से सामने आया है। आरोप है कि करीब 10 लोग वनकर्मियों के सामने वनचौकी परिसर में पहुंचे और धमकाते हुए वहां रखे लोहे के हल समेत अन्य कृषि उपकरण उठाकर ले गए। घटना को लेकर डिप्टी रेंजर ने तीन नामजद आरोपियों समेत करीब 10 लोगों के खिलाफ लूट का केस दर्ज करने पहाड़गढ़ थाने में आवेदन दिया है।
डिप्टी रेंजर कीर्ति कुमार द्वारा दिए आवेदन के मुताबिक कन्हार वनचौकी पर स्विफ्ट कार से गांव के वीरेंद्र जाटव, नीरज जाटव और भरत जाटव, तीनों पुत्र नत्था जाटव, पहुंचे। उनके साथ भरत जाटव की पत्नी, उसकी बहन और चार-पांच अन्य लोग भी थे। इस दौरान चौकी पर वनरक्षक सुनील त्यागी, दिनेश कुमार और भानूप्रताप सिंह मौजूद थे। आरोप है कि वनचौकी पर पहुंचते ही इन लोगों ने वनकर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया।
कुछ लोग खुद को कभी पत्रकार तो कभी वकील बताते रहे। इसके बाद वह परिसर में रखे लोहे के हल और अन्य कृषि उपकरणों को उठाकर ले गए। बताया गया की यह सामग्री वन विभाग की टीम ने करीब एक महीने पहले जब्त की थी जिसे वनचौकी परिसर में रखा गया था। कमरे में रखी जब्त बाइक भी ले जाने की कोशिश की लेकिन वह ताला नहीं खोल सके। वन विभाग की ओर से की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।