चोरी की बाइक का सौदागर निकला बाइक चोर, साढ़े 7 लाख की 10 बाइकें बरामद, कई चोरियों में शामिल
एक युवक चोरी की बाइक लेकर उसे बेचने की फ़िराक में घूम रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सक्रीय हुई उसे घेराबंदी करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ क्योंकि वह लंबे समय से वाहन चोरी कर रहा था। जिसके पास से 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गयी हैं। जिनकी कीमत साढ़े सात लाख रूपये बताई गयी। मामला धार जिले का है। जहां औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के थाना सेक्टर-1 पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की माने तो आरोपी पिछले कई महीनों से सेक्टर-1 और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
बताया गया की प्रधान आरक्षक राकेश कटारिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की बाइक बेचने की फिराक में सेक्टर-1 क्षेत्र में घूम रहा है। जिस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ा। आरोपी ने अपना नाम ऋषिकेश डावर निवासी नंदगांव, मानपुर बताया। उसने बीते 7-8 महीनों के दौरान सेक्टर-1 और आसपास के इलाकों से कई दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 10 चोरी की बाइक बरामद की हैं। जिनकी कीमत करीब 7.5 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अब इन वाहनों से जुड़े चोरी के मामलों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है की आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस आरोपी का न्यायालय से रिमांड लेकर उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ करेगी। वहीं चोरी के वाहनों को खपाने वाले नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुताई जाएगी। पुलिस कई खुलासे होने की उम्मीद जता रही है।------