फसल का भुगतान न होने से किसानों का हंगामा किया चक्काजाम, वाहनों की लगी लंबी कतारें | SAGAR TV NEWS
फसल का भुगतान न मिलने से नाराज़ किसानों ने जमकर हंगामा कर दिया। नाराज़ किसानों का गुस्सा फूट पड़ा जहां उन्होंने मंडी का गेट बंद करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद चौराहे पर पहुंचकर चक्काजाम भी कर दिया। जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतारें लग गयी। तस्वीरें एमपी के आगर-मालवा जिले से सामने आई हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अमले ने समझाइश देकर जाम खुलवाया।
बताया गया की कृषि उपज मंडी में फसल का भुगतान न मिलने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। नीलामी के बाद नगद भुगतान न होने से नाराज किसानों ने पहले मंडी का मेन गेट बंद किया। इसके बाद छावनी नाका चौराहे पर पहुंचकर चक्काजाम किया।
जानकारी के मुताबिक आगर कृषि उपज मंडी में फसल बेचने के बाद भुगतान को लेकर किसानों और व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी। किसानों का आरोप है कि वे भारी भाड़ा खर्च कर अपनी उपज मंडी लेकर आते हैं। लेकिन नीलामी के बाद उन्हें नगद भुगतान नहीं किया जा रहा। इसके बजाय चेक या आरटीजीएस के जरिए भुगतान की बात कही जा रही है।
इसी से नाराज़ किसानों ने मंडी का मुख्य गेट बंद कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान नारेबाजी करते हुए छावनी नाका चौराहे पर पहुंचे और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन की वजह से इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एसडीएम कमल मंडलोई ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। तब कहीं किसान शांत हुए।