फ़िल्मी स्टाइल में शराब दुकान पर फायरिंग कर लूट,तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने निकाला जुलूस
शराब दुकान पर फायरिंग और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को दबोचने में पुलिस को सफलता मिली है। इस मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। साथ ही पिस्टल, कारतूस और ब्रेजा कार को भी जब्त किया गया है। मामला टीकमगढ़ जिले के देहात थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने तीनों आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला। और उन्हें न्यायालय में पेश किया।
बताया जा रहा है की टीकमगढ़ में शराब दुकान पर फायरिंग और लूट की वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से वारदात में शामिल पिस्टल, जिंदा कारतूस और करीब 7 लाख 30 हजार रुपये कीमत की ब्रेजा कार जब्त की गई है।
ये पूरा मामला थाना देहात क्षेत्र के मोहनगढ़ तिगैला स्थित शराब दुकान का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 1 अक्टूबर की रात में आरोपी कुलदीप यादव अपने साथियों के साथ कार से दुकान पहुंचा। यहां सेल्समैन पर पिस्टल से फायरिंग कर आरोपियों ने दुकान में घुसकर शराब की बोतलें लूट लीं।
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसडीओपी राहुल कटरे के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने मुख्य आरोपी कुलदीप यादव को टीकमगढ़ के कान्हा होटल से गिरफ्तार किया। इसके अलावा निशांत अहिरवार और देवेंद्र यादव को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पैदल जुलूस निकालते हुऐ पेश किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं पुलिस आगे की कार्यवाई में जुटी हुई है।