सागर- बीना को बड़ी सौगात, BPCL ने दिए 70 लाख के स्वच्छता वाहन
गांधी जयंती के मौके पर सागर जिले के बीना शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। बीपीसीएल बीना रिफाइनरी ने नगर पालिका को करीब 70 लाख रुपए की लागत के स्वच्छता वाहन और उपकरण दान किए हैं। इन संसाधनों के मिलने से शहर में कचरा संग्रहण और पानी के छिड़काव की व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और बीपीसीएल अधिकारियों ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीना नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बीपीसीएल की ओर से नगर पालिका को 7 डीजल कचरा वाहन, 1 ईवी टिपर, 4 पानी के टैंकर और 100 व्हील डस्टबिन सौंपे गए। इन सभी संसाधनों की कुल लागत करीब 70 लाख रुपए बताई गई है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक निर्मला सप्रे, नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार, बीपीसीएल के अधिकारी और नगर पालिका के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों के मुताबिक नए वाहनों और उपकरणों की मदद से शहर में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर करने के साथ ही अलग-अलग इलाकों में पानी के छिड़काव की व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इससे नगर पालिका के स्वच्छता अभियान को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में विधायक निर्मला सप्रे और नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार ने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। वहीं बीपीसीएल अधिकारी जयदीप पंसारे ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को अपने व्यवहार में अपनाने की बात कही। इस मौके पर स्थानीय कलाकार भूपेंद्र सिंह भूपी की ओर से स्वच्छता पर तैयार किया गया गीत भी लॉन्च किया गया। गीत के जरिए शहरवासियों को साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
वहीं कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष संतोष सिंह ठाकुर ने बीपीसीएल के सहयोग की सराहना की। उन्होंने स्वच्छता संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर देने पर भी ध्यान देने की बात कही। गांधी जयंती पर मिले इन नए संसाधनों से बीना की स्वच्छता व्यवस्था को कितना फायदा होता है, यह आने वाले दिनों में सामने आएगा। फिलहाल नगर पालिका को मिले वाहन और उपकरण शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं