सामने से आए वाहन को बचाने के प्रयास में पलटा खाद से भरा ट्रक, सड़क पर बिखरी बोरियां,पुलिस ने की रखवाली !
सामने से आ रहे तेज रफ़्तार वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा जिससे DAP खाद से भरा हुआ ट्रक सड़क पर पलट गया। इस दौरान चालक ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस दौरान सैंकड़ों बोरियां सड़क पर बिखर गयी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बोरियों की सुरक्षा की। मामला मुरैना जिले के अंबाह रोड से सामने आया। जहां पायका का पुरा गांव के पास श्यामपुर खुर्द मोड़ पर हादसा हुआ। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि सामने से अचानक तेज रफ्तार में आए वाहन को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित हुआ और पलट गया।
जानकारी के मुताबिक ग्वालियर पासिंग ट्रक रायरू गोदाम से करीब 550 बोरी DAP खाद भरकर अंबाह तरफ जा रहा था। खाद की यह खेप सैंथरा सोसायटी पहुंचाई जानी थी। ट्रक चालक जयवीर गुर्जर ने बताया की अंबाह रोड पर पायका का पुरा गांव के पास श्यामपुर खुर्द मोड़ पर सामने से तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अचानक आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद DAP खाद की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। ट्रक पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खाद की बोरियां सड़क पर होने के कारण पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए जवान तैनात कर दिए, ताकि कोई उन्हें उठाकर न ले जाए। इसके बाद बिखरी हुई खाद की बोरियों को दूसरे वाहन में लोड कर सुरक्षित स्थान के लिए रवाना किया गया। हादसे में ट्रक चालक सुरक्षित था। किसी तरह लो जनहानि की सूचना नहीं थी।