सागर- रिहायशी इलाके में घुसा कब्र बिज्जू, देखने उमड़ पड़ी भारी भीड़, फिर ऐसे किया गया रेस्क्यू
सागर के रिहायशी इलाके शुक्रवारी इलाके में एक वन्य जीव के घुस आने के बाद अफरा-तफरी मच गयी। वह कौतुहल का ऐसा विषय बना की देखते ही देखते भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी। सभी अपने घरों से बाहर निकल आये। वन विभाग की टीम को सूचना दी गयी। और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वन्य जीव कब्र बिज्जू को काबू में किया गया।
बताया जा रहा है की सागर के गोपालगंज थाना अंतर्गत शुक्रवारी इलाके में देर रात एक कब्र बिज्जू आ गया था। जिससे हड़कंप की स्थिति बन गयी। उसे क्षेत्र में घूमते हुए लोगों ने देखा जिससे लोगों की भीड़ जमा होने लगी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जहां उसे पकड़ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ समय बाद आसपास के लोगों की मदद से सुरक्षित तरीके से कब्र बिज्जू को सुरक्षित पकड़ लिया गया। तब कहीं लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान वन्य जीव को किसी तरह का कोई नुक्सान नहीं हुआ। साथ ही कोई अप्रिय स्थिति भी नहीं बनी।
बताया गया की रिहायशी इलाके में अचानक वन्यजीव के पहुंचने से स्थानीय लोग सकते में आ गए थे। इस दौरान कई लोग घरों से निकलकर सड़क पर आ गए और वन विभाग की टीम की कार्रवाई को देखते रहे। हालांकि रेस्क्यू के कुछ समय बाद हालात सामान्य हो गए थे।
वन्यजीव के जानकार ओशो जैन की माने तो कब्र बिज्जू आम तौर पर इंसानी आबादी से दूर रहता है वह मुख्य रूप से रात के समय सक्रिय होता है। आसपास के जंगल या प्राकृतिक क्षेत्र से भटककर उसके रिहायशी इलाके में पहुंचने की संभावना हो सकती है।
मामले में रेंजर लखन राठौर ने बताया की ये कब्र बिज्जू है जो भटककर आ गया था जिसका सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।-