सागर- खुरई में तेज हेडलाइट बनी हादसे की वजह, बाइक बछड़े से टकराई; दंपति घायल | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के खुरई के सागर रोड पर गुरुवार रात एक सड़क हादसा हो गया। बनहट गांव के पास सामने से आ रहे वाहनों की तेज हेडलाइट के बीच अचानक एक बछड़ा बाइक के सामने आ गया। बाइक सवार दंपति को बछड़ा दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक उससे जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात खुशबू अपने पति हरप्रसाद अहिरवार के साथ बाइक से कनेरा नीखर गांव जा रही थीं। खुशबू खुरई सिविल अस्पताल में आया सपोर्ट स्टाफ के रूप में ड्यूटी करती हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से सागर रोड पर बनहट गांव के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहनों की तेज हेडलाइट सीधे उनकी आंखों पर पड़ रही थी। तेज रोशनी के कारण कुछ समय के लिए सड़क साफ दिखाई नहीं दे रही थी। इसी दौरान अचानक एक बछड़ा बाइक के सामने आ गया। बाइक चला रहे हरप्रसाद को बछड़ा दिखाई नहीं दिया और बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी अचानक हुई कि दोनों बाइक से नीचे गिर गए। हादसे में खुशबू और हरप्रसाद घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों की मदद की और उन्हें खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार किया गया। हरप्रसाद के मुताबिक, सामने से आने वाले वाहनों की तेज हेडलाइट के कारण बछड़ा नजर नहीं आया। उनका कहना है कि रात के समय सड़क पर मवेशियों के बैठे या घूमते रहने के कारण हादसे का खतरा लगातार बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सागर रोड सहित आसपास की सड़कों पर रात के समय कई बार मवेशी सड़क पर आ जाते हैं। ऐसे में वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने सड़क से मवेशियों को हटाने के साथ-साथ रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था किए जाने की मांग की है। फिलहाल हादसे में घायल दंपति का उपचार कराया गया है। इस घटना ने एक बार फिर रात के समय सड़क पर घूमने वाले मवेशियों और तेज हेडलाइट से होने वाली परेशानी को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।