निशुल्क प्रसाद काउंटर शुरू, हर भक्त को मिलेगी बाबा की प्रसादी | SAGAR TV NEWS |
महाकाल की नगरी एमपी के उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी और खुशखबर सामने आई है। अब बाबा महाकाल के दर्शन करने वाले भक्तों को मंदिर परिसर में ही निशुल्क महाप्रसादी, पुष्प और बेलपत्र उपलब्ध होंगे। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने भक्तों की सुविधा और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए निशुल्क प्रसाद वितरण काउंटर की शुरुआत कर दी है।
योजना के शुभारंभ के पहले ही दिन सवा क्विंटल महाप्रसादी का बाबा महाकाल को भोग लगाया गया और इसके बाद प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुरू की गई इस नई व्यवस्था का उद्देश्य देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं तक बाबा महाकाल का प्रसाद आसानी से पहुंचाना है। मंदिर परिसर में निर्गम चैनल के पास निशुल्क प्रसाद वितरण काउंटर शुरू किया गया है।
सेवा की शुरुआत से पहले सवा क्विंटल महाप्रसादी तैयार कर बाबा महाकाल को भोग लगाया गया। विधि-विधान से भोग अर्पित करने के बाद इसी महाप्रसादी को श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। अब महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को बाबा को अर्पित प्रसादी के साथ आशीर्वाद स्वरूप पुष्प और बेलपत्र भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मंदिर प्रबंधन की इस पहल से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद के लिए अलग से व्यवस्था करने की जरूरत नहीं होगी।
बताया गया कि यह व्यवस्था मुख्यमंत्री की मंशानुरूप कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और प्रशासक प्रथम कौशिक के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। मंदिर की उप प्रशासक सिम्मी यादव ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यही है कि महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले हर श्रद्धालु तक बाबा का प्रसाद बिना किसी परेशानी के पहुंच सके।
महाकाल मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में निशुल्क प्रसाद वितरण की यह व्यवस्था भक्तों के लिए सुविधा के साथ धार्मिक भावनाओं से भी जुड़ी हुई है। महाकाल मंदिर प्रबंधन की इस पहल के बाद अब बाबा महाकाल के दर्शन करने वाले श्रद्धालु अपने साथ महाप्रसादी, पुष्प और बेलपत्र भी निशुल्क ले सकेंगे। मंदिर समिति का कहना है कि इस व्यवस्था से भक्तों का धार्मिक अनुभव और अधिक सहज और आत्मीय बनाने में मदद मिलेगी।