Sagar -जमीन के रास्ते को लेकर कहासुनी में बुजुर्ग की आंख गंभीर रूप से घायल
सागर के कैंट थाना क्षेत्र में जमीन से निकलने के रास्ते को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुरानी सदर इलाके में एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में नरेंद्र मौर्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। परिजनों के मुताबिक, उपचार के दौरान उनकी आंख करीब 95 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त होने और सिर में 7 से 8 फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है।
गंभीर हालत में उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, विवाद जमीन से होकर निकलने वाले रास्ते को लेकर लंबे समय से चल रहा था। परिवार का कहना है कि जिस जमीन को लेकर विवाद है, वह उनके दादा को लीज पर आवंटित हुई थी और उसके दस्तावेज भी उनके पास हैं। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के लिए पैदल आने-जाने का रास्ता दूसरी ओर है, लेकिन वे उनकी जमीन से चार पहिया वाहन निकालने का रास्ता मांग रहे थे।
पीड़ित रोशन मौर्य का आरोप है कि घटना के दौरान करीब 15 लोग लाठी-डंडे और फावड़े लेकर पहुंचे थे। परिवार का दावा है कि हमलावरों ने पहले घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ा और इसके बाद घर में घुसकर गौशाला को नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि इसी दौरान परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की गई। घायल महेश्वरी मौर्य के मुताबिक, बीच-बचाव करने पर महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। उनका आरोप है कि उनकी बहू, बेटी और चार साल की बच्ची के साथ भी मारपीट की गई। परिवार का दावा है कि बच्ची को उठाकर जमीन पर फेंक दिया गया, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आई हैं।
वहीं कमलेश मौर्य के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और पीठ में गंभीर चोट बताई गई है। महेश्वरी की दो उंगलियां टूटने की बात कही गई है, जबकि सोनम मौर्य के हाथ और पीठ पर चोट आई है। पीड़ित परिवार ने यशवंत चढ़ार, निवेदन, विनय, छोटू, भानु, सूरज, दीपेश, राहुल शर्मा समेत करीब 15 लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के बाद पुलिस मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंची। फिलहाल पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं घटना में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।