मां-नाना-नानी समेत 4 की मौत; कई घायल, परिवार के कई लोगों को बनाया निशाना
एमपी के उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र से सटे अनूपपुर जिले के अमोदा बिजौरा गांव में सनी धाम के पास शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक युवक ने कथित तौर पर लाठी-डंडे से हमला कर अपनी मां, नाना और नानी समेत परिवार के कई लोगों को निशाना बनाया। घटना में चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रेम सिंह, नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मरदरी का रहने वाला है। करीब एक सप्ताह पहले वह अपनी मां के साथ अमोदा बिजौरा स्थित अपने नाना-नानी के घर आया था।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को किसी बात को लेकर आरोपी का सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से विवाद हुआ और कथित तौर पर उसने उनके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया। बताया जा रहा है कि अपने बेटे को परेशानी में देखकर उसकी मां अनुपिया बाई ने उसे रस्सी से खोल दिया। रस्सी से मुक्त होने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी मां पर ही लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने नाना संपत और नानी भन्नी को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों की मौत की सूचना है।
इसके बाद आरोपी ने अपने मामा चैन सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। घटना में पांच वर्षीय मुनका सिंह, भारती सिंह और चंचल समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायलों को इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। वहीं सनी धाम के पंडा गंगा सिंह का भी उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अनूपपुर एसपी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। उमरिया और अनूपपुर दोनों जिलों की पुलिस घटनास्थल पर तैनात है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय जानकारी में आरोपी के खिलाफ पूर्व में मां से मारपीट का मामला दर्ज होने और जेल जाने की बात भी सामने आई है। उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाने की जानकारी भी है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों की संख्या तथा वारदात के वास्तविक कारणों की आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।