अवैध खनन पर आधी रात छापा, 3 वाहन जब्त; 23.49 लाख की पेनल्टी
एमपी के ग्वालियर के बिलौआ क्रेशर मार्केट इलाके में अवैध पत्थर उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम रफादपुर में आधी रात खनिज विभाग की टीम ने दबिश दी, जहां एक्सकेवेटर और डंपर की मदद से कथित तौर पर पत्थर का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। टीम ने मौके से तीन वाहन जब्त किए हैं। वहीं छह आरोपियों के खिलाफ करीब 23 लाख 49 हजार रुपये की पेनल्टी प्रस्तावित की गई है। मामले में पुलिस थाने में चोरी का प्रकरण भी दर्ज कराया गया है। दरअसल, खनिज निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम रात करीब 12 बजे ग्राम रफादपुर के खसरा नंबर 151/02 पर पहुंची। टीम को मौके पर पत्थर का उत्खनन होता मिला। अधिकारियों को देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान करीब 1566 घन मीटर खनिज पत्थर के अवैध उत्खनन की बात सामने आई। विभाग के अनुसार इसकी मूल रॉयल्टी राशि 78 हजार 300 रुपये निर्धारित हुई। नियमों के तहत रॉयल्टी की 15 गुना अर्थशास्ति यानी 11 लाख 74 हजार 500 रुपये तय की गई। इतनी ही राशि पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में निर्धारित की गई। इस तरह कुल 23 लाख 49 हजार रुपये की पेनल्टी प्रस्तावित की गई है। विभाग ने संबंधित आरोपियों को राशि जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं। मौके से जब्त तीन वाहनों को बिलौआ थाने में रखवाया गया है। साथ ही छह लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया गया है।
बताया जा रहा है कि न्यायालय के आदेश के बाद बिलौआ क्रेशर मार्केट की 16 खदानों पर रोक लगाई गई है। अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए क्षेत्र की आठ चेकपोस्ट पर दिन-रात कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है। इसके बावजूद रफादपुर में रात के समय उत्खनन मिलने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, एसडीएम को भी क्षेत्र में अवैध उत्खनन की शिकायत मिली थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस और खनिज विभाग की जांच में यह सामने आएगा कि प्रतिबंध के बावजूद उत्खनन किसकी अनुमति या संरक्षण में चल रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।