इंश्योरेंस के पैसों के लिए गर्भवती पत्नी की ह त्या की साजिश!
इंश्योरेंस की रकम हासिल करने के लिए गर्भवती पत्नी की हत्या की कथित साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, करीब एक महीने पहले हुई महिला की मौत को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो मामला कथित हत्या की साजिश तक पहुंच गया। पुलिस अब मृतका के पति प्रयास पांडे की तलाश कर रही है। मामला 4 सितंबर का है। पुलिस के अनुसार, एमपी के जबलपुर की कविता चौधरी स्कूटी से अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान पाटन के कंतोरा-रानीताल क्षेत्र में एक लोडिंग ऑटो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में कविता गंभीर रूप से घायल हुईं और बाद में उनकी मौत हो गई।
शुरुआत में घटना को सड़क हादसा मानकर जांच की जा रही थी। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले, जिनसे हादसे की परिस्थितियों पर संदेह पैदा हुआ। पुलिस ने उस लोडिंग ऑटो की तलाश शुरू की, जिससे टक्कर हुई थी। जांच में पता चला कि ऑटो किराए पर लिया गया था। पुलिस ने ऑटो मालिक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वाहन मूलचंद नाम के युवक को किराए पर दिया गया था। पुलिस ने मूलचंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कथित साजिश की परतें खुलने लगीं।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि कविता चौधरी के नाम पर लाखों रुपये का इंश्योरेंस था। पुलिस के अनुसार, कविता पहले एक निजी बीमा कंपनी में नौकरी करती थीं। आरोप है कि उनके पति प्रयास पांडे ने इंश्योरेंस की रकम हासिल करने के लिए अपने सहायक मानसिंह लोधी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को हादसे का रूप देने के लिए लोडिंग ऑटो से कविता की स्कूटी को टक्कर मारने की योजना बनाई थी। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने कई घंटे तक इलाके में इंतजार किया और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।
कविता और प्रयास की मुलाकात 2022 में हुई थी और दोनों ने 2024 में कोर्ट मैरिज की थी। प्रयास पांडे पाटन में नोटरी का काम करता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है और पति प्रयास पांडे की तलाश जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की साजिश और आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।