छतरपुर में पत्नी की हत्या, CCTV में कैद हुआ घटना और फिर...
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर में एक महिला की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमलतास कॉलोनी में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे 27 वर्षीय ज्योति चौरसिया पर बाइक सवार दो युवकों ने हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों में महिला का पति लखन जोशी भी शामिल था। पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। CCTV फुटेज में ज्योति दुकान से सामान लेकर अपने घर की तरफ जाती दिखाई दे रही है। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचते हैं। बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरता है और महिला पर चाकू से हमला शुरू कर देता है।
पुलिस के अनुसार, हमलावर ने महिला पर लगातार कई वार किए। हमला इतना गंभीर था कि ज्योति सड़क पर गिर गई। फुटेज में महिला के बचाव के लिए आवाज लगाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद हमलावर ने हमला जारी रखा। आरोपी ने महिला को जमीन पर पटकने के बाद लातें भी मारीं। पुलिस के मुताबिक, करीब दो मिनट तक चले इस हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ज्योति गंभीर रूप से घायल होकर कुछ दूर जाने की कोशिश करती है, लेकिन सड़क पर गिर जाती है। बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर FSL टीम को बुलाया। टीम ने फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। जांच के दौरान पुलिस को महिला के पति लखन जोशी की भूमिका के संबंध में सुराग मिले। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद लखन और उसका साथी सोनू कुशवाहा उत्तर प्रदेश की ओर फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों को महोबा जिले के नानोरा गांव से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ज्योति करीब एक महीने पहले अमलतास कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आई थी और पास के होटल में काम करती थी। परिजनों के मुताबिक, ज्योति और लखन ने करीब छह साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच विवाद चल रहा था और ज्योति पहले भी पति के खिलाफ शिकायत कर चुकी थी। घटना के बाद पुलिस ने किराए के मकान का दरवाजा बाहर से बंद पाया। अंदर दो छोटे बच्चे सोते मिले, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।