Sagar- गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में 10 फीट लंबा अजगर, छात्राओं में मची अफरा-तफरी
सागर के तिली इलाके में उस वक्त हॉस्टल की छात्राओं में हड़कंप मच गया, जब गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। बाथरूम में सांप को देखते ही छात्राओं के होश उड़ गए और हॉस्टल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में स्नेक कैचर अकील बाबा को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे अकील बाबा ने महज कुछ ही देर में अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। दरअसल, तिली इलाके में स्थित गर्ल्स हॉस्टल में छात्राएं रोज की तरह अपने काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान एक छात्रा बाथरूम में पहुंची, तो वहां उसे विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही छात्रा घबरा गई और इसकी जानकारी हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्राओं को दी।
कुछ ही देर में बाथरूम के पास छात्राओं की भीड़ जमा हो गई। किसी ने तत्काल स्नेक कैचर अकील बाबा को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अकील बाबा ने बेहद सावधानी से अजगर को काबू में किया। करीब दो मिनट की मशक्कत के बाद लगभग 10 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। अजगर के पकड़े जाने के बाद हॉस्टल की छात्राओं ने राहत की सांस ली।
स्नेक कैचर अकील बाबा के मुताबिक, जिस इलाके में यह गर्ल्स हॉस्टल स्थित है, वह पहाड़ी क्षेत्र से लगा हुआ है। ऐसे में यहां अजगर और दूसरे सांपों की मौजूदगी बनी रहती है। उन्होंने बताया कि आवास योजना के तहत बनी बिल्डिंगों में इससे पहले भी वे करीब 70 से 75 अजगरों का रेस्क्यू कर चुके हैं। रेस्क्यू किए गए अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले भी पकड़े गए सांपों और अजगरों को वन विभाग की मौजूदगी में जंगल में छोड़े जाने की बात सामने आई है। गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में 10 फीट लंबे अजगर की मौजूदगी ने छात्राओं को जरूर डरा दिया, लेकिन समय पर स्नेक कैचर के पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद हॉस्टल में मौजूद छात्राओं ने राहत की सांस ली।