सागर - गढ़ाकोटा रोड पर आबचंद गुफा के पास कार-बाइक की भिड़ंत में 2 की मौत, 3 पहुंचे अस्पताल
सागर में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा सानौधा थाना क्षेत्र में गढ़ाकोटा रोड पर आबचंद गुफा के पास पुराई की तलाई इलाके में हुआ। यहां तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। वहीं, भिड़ंत के बाद कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार की टक्कर से पेड़ भी टूट गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में कार सवार रोहित पिता सरनाम पटेल, निवासी आजाद वार्ड गढ़ाकोटा और बाइक सवार शीतल पाठक, निवासी दमोह की मौत हुई है। वहीं महेंद्र समेत तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, कार सवार बरपानी से गढ़ाकोटा की ओर जा रहे थे, जबकि बाइक सवार दमोह की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पुराई की तलाई के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाने के लिए पुलिस ने जेसीबी की मदद ली। वहीं मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
सानौधा थाना प्रभारी उपमा सिंह ने बताया कि कार और बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, वाहन चालक की लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। पुलिस की जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के बाद दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।