सागर- गांधी जयंती पर अनंतपुरा में गूंजा बापू का संदेश, प्रभात फेरी से दिया सत्य-अहिंसा का संदेश
सागर जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र के गांधी ग्राम अनंतपुरा में गांधी जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाई गई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवादल कांग्रेस कमेटी ग्रामीण सागर के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गांधी जयंती की सुबह अनंतपुरा गांव के प्रमुख मार्गों से प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। प्रभात फेरी के दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति, सद्भाव और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। लोगों ने गांधी जी के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
प्रभात फेरी के समापन के बाद गांधी ग्राम अनंतपुरा स्थित महात्मा गांधी स्मारक पर पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव सहित कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सेवादल कांग्रेस कमेटी की ओर से विधिवत ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में हर्ष यादव ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए सत्य और अहिंसा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने, कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के हित में काम करने तथा आपसी भाईचारा और सद्भाव मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने गांधी जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में प्रेम, शांति, भाईचारा व सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण सागर के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मोहासा, सेवादल कांग्रेस जिला अध्यक्ष बी.डी. पटेल, संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी अध्यक्ष आशीष बाबा राजौरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और मानवता के संदेश की प्रासंगिकता बनी हुई है। गांधी ग्राम अनंतपुरा में आयोजित कार्यक्रम ने राष्ट्रपिता के विचारों और आदर्शों को एक बार फिर याद किया।