पन्ना की खदान में मिले 4 हीरे! गांधी जयंती पर चमकी किस्मत | SAGAR TV NEWS |
गांधी जयंती का दिन एमपी के सागर संभाग के पन्ना की रत्नगर्भा धरती पर एक परिवार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। झांसी की रहने वाली गुड्डी देवी और उनके पति राजकुमार श्रीवास की किस्मत उस वक्त चमक उठी, जब सरकोहा क्षेत्र में लगाई गई उनकी हीरा खदान से महज दो दिनों में एक साथ चार नायाब हीरे मिले। चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट बताया जा रहा है। दरअसल, गुड्डी देवी और उनके पति राजकुमार श्रीवास ने सोशल मीडिया पर पन्ना के हीरों से जुड़ी खबरें देखीं। झांसी में काम ठीक नहीं चल रहा था, जिसके बाद दंपती ने पन्ना में अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया। गुड्डी अपने पति और बच्चों के साथ मायके पन्ना आ गईं और करीब छह महीने पहले सरकोहा क्षेत्र में हीरा खदान लगाई।
छह महीने तक परिवार ने खदान में कड़ी मेहनत की। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और दो दिनों के भीतर उन्हें चार चमचमाते हीरे मिल गए। हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, मिले चार हीरों में 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट के दो उज्ज्वल किस्म के हीरे हैं, जबकि 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट के दो हीरे मैला किस्म के बताए गए हैं।
इन चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट है। हीरे मिलने के बाद गुड्डी देवी ने इसकी जानकारी हीरा कार्यालय को दी। गांधी जयंती के अवकाश के बावजूद हीरा पारखी कार्यालय पहुंचे और दंपती ने चारों हीरे कार्यालय में जमा करा दिए। इन हीरों की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, इनकी वास्तविक कीमत आगामी शासकीय नीलामी में बोली के बाद तय होगी।
गुड्डी देवी और राजकुमार श्रीवास इस सफलता से बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि यह माता रानी का आशीर्वाद और छह महीने की मेहनत का फल है। दंपती ने बताया कि नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में करेंगे। हीरा पारखी के अनुसार, चारों हीरों को आगामी शासकीय नीलामी में बोली के लिए रखा जाएगा। इस तरह गांधी जयंती पर मिले इन चार हीरों ने परिवार की मेहनत को उम्मीद और खुशियों में बदल दिया है।